रायपुर। कृषि उपज मंडी, देवेन्द्रनगर मैदान में सोमवार से श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ से श्री इन्द्रेश जी महाराज ने भगवान के तीन स्वरूप—सत्य, चैतन्य और आनंद—की व्याख्या करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, समर्पण और सात्विक जीवन का संदेश दिया। कथा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।कथा प्रारंभ होने से पहले सुबह भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। आयोजन समिति ने 2,100 महिलाओं की कलश यात्रा की व्यवस्था की थी, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह के चलते 5 हजार से अधिक महिलाएं इसमें शामिल हुईं। पीली साड़ियों में सजी कलशधारी महिलाओं ने भक्तिभाव के साथ यात्रा में भाग लिया। श्रीमद्भागवत पुराण को सिर पर धारण किए जजमान परिवार सबसे आगे चल रहा था। बाजे-गाजे, पुष्पवर्षा और जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया।भगवान के तीन स्वरूप—सत्य, चैतन्य और आनंदव्यासपीठ पर विराजमान होते ही श्री इन्द्रेश जी महाराज ने श्रद्धालुओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि रायपुर आकर उन्हें महसूस हुआ कि “छत्तीसगढ़िया-सबले बढ़िया।” उन्होंने कहा कि कथा श्रवण में श्रद्धालुओं का यही उत्साह लगातार बढ़ना चाहिए।श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य की व्याख्या करते हुए महाराज ने कहा कि भगवान के तीन रूप सत्य, चैतन्य और आनंद हैं। जीवन में प्राप्त और अप्राप्त के पीछे भागने के बजाय भगवान के प्रति समर्पण का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य को यह स्वीकार करना चाहिए कि उसके साथ जो हो रहा है, वही सत्य है और प्रभु की इच्छा में विश्वास रखना चाहिए।उन्होंने सूरदास जी के भाव का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान से अपनी इच्छाओं की सूची मांगने के बजाय उनसे उनकी शरण मांगनी चाहिए। प्रभु के प्रति समर्पण ही भक्ति का मूल भाव है।प्रभु मूर्ति नहीं, चैतन्य स्वरूप हैंमहाराज ने भगवान के चैतन्य स्वरूप की चर्चा करते हुए कहा कि प्रभु केवल धातु, पत्थर या किसी भौतिक पदार्थ तक सीमित नहीं हैं। वे चैतन्य स्वरूप हैं और उनमें जीवंत भाव से श्रद्धा रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान को जड़ समझना जड़ बुद्धि का परिचायक है।उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति भगवान के सत्य और चैतन्य स्वरूप को समझ लेता है, तो उसके जीवन में आनंद का भाव स्वतः आने लगता है। उन्होंने सुख और आनंद के बीच अंतर बताते हुए कहा कि सांसारिक वस्तुओं से मिलने वाला सुख सीमित होता है, जबकि भगवान की भक्ति, कथा श्रवण और दर्शन से मिलने वाला आनंद अलग अनुभूति है।महाराज ने श्रद्धालुओं से ठाकुर जी के प्रति प्रेम, भाव, सम्मान और भक्ति रखने का आह्वान किया। उन्होंने भजन के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को भक्ति से जोड़ा।भक्ति के साथ ज्ञान, वैराग्य और त्याग का संदेशकथा के दौरान श्री इन्द्रेश जी महाराज ने भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और त्याग के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण या भजन करने से जीवन में कठिनाइयां समाप्त हो जाएंगी, ऐसा नहीं है, लेकिन भक्ति मार्ग पर चलने से व्यक्ति उन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति प्राप्त करता है।उन्होंने कहा कि ज्ञान ऐसा होना चाहिए जिसमें विवेक हो। किसी व्यक्ति या वस्तु के प्रति अनावश्यक राग और आसक्ति का समाप्त होना वैराग्य है। वहीं परिस्थितियों को सहने की क्षमता विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने त्याग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जो लोग ठाकुर जी, कथा, भजन, सनातन और सात्विकता से दूर रहते हैं, उनसे दूरी बनाना भी आवश्यक है।कथा में जगन्नाथ प्रभु का विशेष स्वरूपकथा स्थल पर श्री इन्द्रेश जी महाराज की व्यासपीठ के साथ भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा, बलभद्र और सुदर्शन जी के स्वरूप भी विराजमान हैं। महाराज ने श्रद्धालुओं से सुदर्शन जी के दर्शन करने का विशेष आग्रह किया।उन्होंने कहा कि कलियुग में अपराध और गलतियों से मुक्ति का मार्ग दंड देने के बजाय प्रभु की शरण में आने और आगे गलती न दोहराने के संकल्प से जुड़ा है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ के प्रति समर्पण और स्वीकार भाव का संदेश दिया।महाराज ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन भगवान जगन्नाथ का नवीन श्रृंगार किया जाएगा और श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलेगा। उन्होंने सेवादार गुंजन प्रजापति से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव तक भगवान की महाप्रसादी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की इच्छा भी व्यक्त की और कहा कि यदि करीब 40 हजार श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित हो सके तो यह अत्यंत आनंद का विषय होगा।कथा के प्रथम दिन मंगल कलश यात्रा से लेकर व्यासपीठ से हुए आध्यात्मिक संदेश तक पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। आयोजन स्थल जय श्रीकृष्ण और भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंजता रहा।

















