29 सितम्बर 2026/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सुबह-सुबह बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सिम्स) पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रबंधन में भी हलचल देखने को मिली।स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के कैजुअल्टी, लेबर वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, जांच व्यवस्था, डॉक्टरों की उपस्थिति और अस्पताल में मिल रही अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सिम्स के डीन ,डॉ. रमनैश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह संयुक्त निदेशक सह चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, उपचार व्यवस्था को सुचारु रखने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न वार्डों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों से कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को उपचार के साथ-साथ आवश्यक दवाइयां, जांच और अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों।मंत्री के इस औचक निरीक्षण को अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












Leave a Reply