बालोद, 6 अक्टूबर 2026। बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के महज 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती पर हमला कथित एकतरफा प्रेम और शादी से इनकार के चलते साजिश के तहत किया गया था।पुलिस के मुताबिक, युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और तांदुला डैम की ओर फरार हो गया। युवती की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद घायल युवती को जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राजघटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और एएसपी चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, पहले उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पूछताछ में उसने युवती से प्रेम संबंध और शादी से इनकार के बाद एसिड अटैक की साजिश रचने की बात स्वीकार की।पुलिस के मुताबिक, यश ने अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के साथ करीब तीन महीने पहले हमले की योजना बनाई थी।गणेश झांकी के दौरान भी किया था वारदात का प्रयासजांच में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपियों ने 26 सितंबर को बालोद में मिलकर एसिड खरीदा था। इसके बाद 27 सितंबर को गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण आरोपियों ने योजना टाल दी।इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे यश के कथित निर्देश पर करण ने युवती पर एसिड फेंका और मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, वह तांदुला बांध की ओर गया और वहां से लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा।कोंडागांव से पकड़ा गया दूसरा आरोपीपुलिस ने यश की निशानदेही पर दूसरे आरोपी करण कुंजाम को कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ में घटना में प्रयुक्त एसिड और कपड़ों के संबंध में जानकारी मिली, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी:यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद।करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, जिला बीजापुर।दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।आरोपियों को लेकर लोगों में भारी आक्रोशघटना के बाद बालोद में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय सुरक्षा के बीच पुलिस द्वारा उन्हें पैदल ले जाया गया। इसी दौरान घड़ी चौक पर मौजूद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के चेहरे पर कालिख फेंकी और कड़ी सजा की मांग की।मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं ने भी आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “फांसी दो” की मांग की। लोगों का कहना है कि महिलाओं और युवतियों के खिलाफ इस तरह के गंभीर अपराधों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और एसिड बिक्री की जांच की मांगघटना को लेकर लोगों ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को कठोरतम सजा दिए जाने की मांग की है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि आरोपियों को एसिड कहां से मिला।लोगों ने मांग की है कि पुलिस एसिड की खरीद-बिक्री के स्रोत की भी गंभीरता से जांच करे और यदि जांच में नियमों का उल्लंघन कर एसिड उपलब्ध कराने की बात सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाए।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।















