बिग ब्रेकिंग:… हथखोज स्थित श्याम केमिकल में भीषण आग, धमाके से दहला इलाका

8 अक्टूबर 2026/ भिलाई। हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्याम केमिकल फैक्ट्री में आज भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री उद्योगपति कमल नामक व्यक्ति की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर पहले जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई, जिसके बाद देखते ही देखते फैक्ट्री से काले धुएं का गुबार उठा और पूरे आसमान में काली घटा छा गई। केमिकल फैक्ट्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
भीषण आग और केमिकल की तेज दुर्गंध से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सांस लेने में तकलीफ और जलन की शिकायत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गई हैं। पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्र को खाली करा रहा है।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। किसी के हताहत होने की सूचना फिलहाल नहीं है।