खैरागढ़।** छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में राज्योत्सव की कवरेज करने पहुंचे टीवी पत्रकार किशोर सोनी के साथ पुलिस आरक्षक द्वारा लाठी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक आरक्षक पत्रकार पर लाठी चलाता दिखाई दे रहा है।बताया जा रहा है कि पत्रकार किशोर सोनी राज्योत्सव स्थल पर एक अन्य आरक्षक से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक अन्य आरक्षक ने उन पर लाठी चला दी। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।इस घटना से जिले के पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। विरोध स्वरूप बड़ी संख्या में पत्रकार राज्योत्सव के प्रवेश द्वार पर धरने पर बैठ गए और संबंधित आरक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे।पत्रकारों का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाचार संकलन और जनहित के मुद्दों को सामने लाते हैं। ऐसे में कवरेज के दौरान पत्रकार के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करता है।पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना के लिए जिम्मेदार आरक्षक की पहचान कर उसके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने तथा भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।**पत्रकार हो या आम नागरिक, किसी के साथ भी पुलिस द्वारा इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करना आवश्यक है।**
















