18 नवंबर 2026/रायपुर। छत्तीसगढ़ में 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी और कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को धमकी देने के मामले में फरार चल रहे शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ के आरोप में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बस्तर रेंज के आईजी बद्रीनारायण मीणा ने नारायणपुर में पदस्थ निरीक्षक विनीत दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, पुलिस ने फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश देने की योजना बनाई थी। इसी दौरान पुलिस टीम के खम्हारडीह स्थित ठिकाने पर पहुंचने से पहले ही शोएब ढेबर के फरार हो जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी आरोपी तक पहुंचने और विभागीय स्तर पर संभावित मिलीभगत को लेकर सवाल उठने लगे।इस मामले में इससे पहले एसीसीयू में पदस्थ दो आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे पर कार्रवाई होने से मामले ने और तूल पकड़ लिया है।पुलिस की गोपनीय जानकारी लीक होने पर सवालसबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस की दबिश और गिरफ्तारी की रणनीति की जानकारी आरोपी तक कैसे पहुंची? क्या विभाग के भीतर से कोई व्यक्ति फरार आरोपी की मदद कर रहा था? फिलहाल इन सवालों को लेकर जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को धमकी देने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर अब तक फरार बताया जा रहा है। उसके छत्तीसगढ़ से बाहर चले जाने की आशंका भी जताई जा रही है।लगातार हो रही निलंबन की कार्रवाई के बाद अब यह चर्चा तेज है कि क्या इस मामले में अन्य पुलिसकर्मियों या प्रभावशाली लोगों की भूमिका भी सामने आएगी? साथ ही सवाल उठ रहा है कि क्या केवल निलंबन से काम चलेगा या कथित मिलीभगत के मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी?फिलहाल पुलिस विभाग की कार्रवाई और फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।














