बलौदाबाजार में क्रिएटर-इन्फ्लुएंसर मीटअप, युवाओं को कंटेंट क्रिएशन और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी।

12 सितम्बर 2026

बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय में आज क्रिएटर-इन्फ्लुएंसर मीटअप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के कंटेंट क्रिएटर्स एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने सहभागिता की। मीटअप का उद्देश्य डिजिटल क्षेत्र में सक्रिय युवाओं को कंटेंट निर्माण की तकनीक, साइबर सुरक्षा और आधुनिक गैजेट्स के बेहतर उपयोग से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम के दौरान डिजिटल कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में नए कदम रखने वाले युवाओं को कंटेंट की योजना बनाने, वीडियो निर्माण की तकनीकी बारीकियों, साइबर सुरक्षा, फोन एवं कैमरा सहित अन्य गैजेट्स के प्रभावी उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया पर गुणवत्तापूर्ण एवं जिम्मेदार कंटेंट तैयार करने के विभिन्न पहलुओं को भी साझा किया।इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले के क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज जनसंचार का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों को जमीनी स्तर तक लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कलेक्टर शर्मा ने आगामी समय में शासन की योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनहितकारी पहलों की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे सुशासन (Good Governance) के लक्ष्य को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ के रूप में विकास शर्मा, सुमित साहू एवं मनीष राठौर उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को कंटेंट क्रिएशन, वीडियो मेकिंग, साइबर सुरक्षा और डिजिटल उपकरणों के उपयोग से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।मीटअप में शामिल क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए डिजिटल क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया। आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।