6 अक्टूबर 2026/रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के लिए सहकारिता क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। 8 और 9 अक्टूबर को जगदलपुर में पहली बार राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देशभर से सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल होंगे।सहकारिता सचिव, भारत सरकार की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में 15 राज्यों के सहकारिता सचिव और 14 राज्यों के सहकारिता पंजीयक हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत करने तथा केंद्र सरकार की ‘सहकार से समृद्धि’ की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श करना है।सम्मेलन के दौरान एम-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां), डिजिटल सहकारिता, सहकारी बैंकिंग और भंडारण व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। बदलते दौर में सहकारी समितियों को तकनीक से जोड़ने और किसानों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक प्रभावी सहकारी ढांचे से जोड़ने के उपायों पर भी मंथन किया जाएगा।छत्तीसगढ़ साझा करेगा सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियांराष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को भी देश के सामने रखा जाएगा। प्रदेश में सहकारी संस्थाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी साझा की जाएगी।प्रदेश में 515 नए एम-पैक्स का गठन किया गया है। सम्मेलन में इन नई समितियों के माध्यम से कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, भंडारण, बैंकिंग और अन्य सहकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।बस्तर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर के इस सहकारिता सम्मेलन के आयोजन को प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र के विस्तार और आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों को सहकारी व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।










