**17 नवंबर 2026/रायपुर।** राजधानी रायपुर में साहू समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन आगामी 6 दिसंबर 2026 को संतोषी नगर स्थित मां कर्मा धाम में आयोजित किया जाएगा। शहर जिला साहू संघ, रायपुर के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से विवाह योग्य युवक-युवतियां शामिल होंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को मंच से अपना परिचय देने और योग्य जीवनसाथी की तलाश करने का अवसर मिलेगा।सम्मेलन में अधिक से अधिक सामाजिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 25 नवंबर 2026 कर दी गई है। पहले पंजीयन की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित थी। सामाजिक बंधुओं के आग्रह पर इसे पांच दिन आगे बढ़ाया गया है। शहर जिला साहू संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।उन्होंने बताया कि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू सहित समाज के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान पदाधिकारी अतिथि के रूप में शामिल होंगे।सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण विवाह योग्य युवक-युवतियों की परिचय पत्रिका **‘मोर संगवारी’** का विमोचन रहेगा। इसमें पंजीकृत युवक-युवतियों का परिचय प्रकाशित किया जाएगा और पत्रिका प्रतिभागियों को वितरित की जाएगी। इस वर्ष आयोजन में विशेष रूप से युवक-युवतियों और उनके परिजनों के बीच आपसी संवाद एवं काउंसिलिंग के लिए अलग बैठक व्यवस्था भी की गई है, ताकि दोनों परिवार एक-दूसरे को समझ सकें और भावी रिश्तों पर चर्चा कर सकें।कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके अभिभावकों से 25 नवंबर तक पंजीयन कराने की अपील की है। सम्मेलन की तैयारियों में शहर जिला साहू संघ के पदाधिकारी, 10 परिक्षेत्रों एवं 70 वार्डों के अध्यक्ष-पदाधिकारी, सामाजिक पार्षद, एल्डरमेन और समाज के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।प्रेसवार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष लीलाधर साहू, जिला उपाध्यक्ष ऋषि साहू, उपाध्यक्ष किरण साहू, महामंत्री कमल नारायण साहू, गिरधर साहू, संगठन सचिव माखन लाल साहू, संपादक सुंदर लाल साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।











