छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार में बेलगाम हुई महंगाई से जनता त्रस्त, खुदरा महंगाई आरबीआई की तय सीमा से पार – कांग्रेस*

रायपुर/13 नवंबर 2026। सांख्यिकी मंत्रालय द्वारा खुदरा महंगाई के ताजा जारी आंकड़ों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि हकीकत छुपाने के तमाम प्रयासों के बीच ये तथ्य गरीब की खाली थाली और आसमान छूती कीमतें सच बयां कर रही हैं, सरकार ने बेस ईयर बदल दिए, रेपो रेट पर फैसले ले लिए, लेकिन रसोई का चूल्हा और गरीब की थाली तक भोजन पहुंचाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। महंगाई बेलगाम है और भाजपा सरकार पूरी तरह फेल है। अक्टूबर 2026 के ताजा आंकड़े और घरेलू महंगाई के मोर्चे पर भाजपा सरकार की नाकामी छत्तीसगढ़ के आम जनजीवन को तबाह कर रही है। सरकारी आंकड़ों ने ही साय सरकार और केंद्र की डबल इंजन सरकार के उस हर दावे की हवा निकाल दी है, जिसमें वे सबका साथ, सबका विकास और अर्थव्यवस्था के मजबूत होने का झूठा ढिंढोरा पीटते हैं।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि केंद्रीय सांख्यिकी मंत्रालय के ताजा आंकड़ों ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार और केंद्र सरकार के झूठ का पर्दाफाश कर दिया है। ग्रामीण खुदरा महंगाई दर आरबीआई की अधिकतम सीमा 6 प्रतिशत को पार कर 6.63 प्रतिशत पर पहुंच गई है, और खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत हो गई है। तमाम दावों के बावजूद सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह नकारा साबित हुई है। छत्तीसगढ़ की मेहनतकश जनता और गृहणियां इस सरकार की जनविरोधी नीतियों की सजा भुगत रही हैं। शहर ही नहीं, गांवों और कस्बों में दाल, तेल, सब्जी, आटा और घरेलू उपयोग की हर चीज आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी है। चुनाव से पहले 100 दिन में महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा सरकार आज छत्तीसगढ़ के मेहनतकश वर्ग, किसानों और महिलाओं को केवल महंगाई के कुचक्र में धकेल चुकी है।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के कांग्रेस सरकार के समय जनहितैषी योजनाओं, गोधन न्याय योजना, धान के बेहतर समर्थन मूल्य, वनोपजों के संग्रहण और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिए लोगों के हाथों में जो पैसा आता था, उससे क्रय शक्ति बनी रहती थी। आज डबल इंजन सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण बाजार में मंदी और महंगाई दोनों एक साथ हावी हैं। कमर तोड़ महंगाई नें आरबीआई की लक्ष्मण रेखा को पार कर दिया है। खाद्य महंगाई इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि डबल इंजन सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। छत्तीसगढ़ का गरीब, किसान, मजदूर और हर घर की गृहिणी आज इस भाजपा सरकार की नीतियों के कारण त्रस्त है। जनता अपने ही राज्य में बुनियादी जरूरतों के लिए तरस रही है, जबकि सरकार विज्ञापनों और झूठे दावों की राजनीति में मस्त है। जब ये विपक्ष में थे, तब महंगाई पर आसमान सिर पर उठा लेते थे। अब जब आप सत्ता में हैं, तो क्या जनता की थाली छीनने का लाइसेंस आपको मिल गया है? जनता बहाने नहीं, राहत चाहती है।

सुरेंद्र वर्मामुख्य प्रवक्ताछत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी