17 नवंबर 2026/*राजनांदगांव/रायपुर।** छत्तीसगढ़ सरकार की श्री रामलला दर्शन योजना के तहत प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कराने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में 16 नवंबर को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। ट्रेन की रवानगी के दौरान रेलवे स्टेशन पर भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालु जय श्रीराम के जयकारों के साथ अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए।विशेष ट्रेन को छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, कोमल सिंह राजपूत, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी एवं खुबचंद पारख ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनप्रतिनिधियों ने सभी तीर्थयात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।**अब तक 64 ट्रेनों से 54 हजार 400 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन**मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक 64 विशेष ट्रेनों के माध्यम से लगभग 54 हजार 400 श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से श्रद्धालुओं को इस योजना के तहत तीर्थयात्रा का अवसर मिल रहा है।योजना का उद्देश्य ऐसे श्रद्धालुओं को भी अयोध्या धाम की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से स्वयं तीर्थयात्रा की व्यवस्था नहीं कर पाते।**दुर्ग रेलवे स्टेशन पर हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत**राजनांदगांव से रवाना हुई विशेष ट्रेन के दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचने पर तीर्थयात्रियों का स्वागत किया गया। इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारा, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और आईआरसीटीसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।**पर्यटन मंडल और आईआरसीटीसी संभाल रहे व्यवस्थाएं**योजना के संचालन में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, आईआरसीटीसी और जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके समन्वय से श्रद्धालुओं की यात्रा और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। ऐसे में अयोध्या धाम में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन प्रदेशवासियों के लिए विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखते हैं। राज्य सरकार की इस पहल से हजारों श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी दर्शन की अभिलाषा पूरी हो रही है।















