स्वच्छता में पुरस्कार लेने दिल्ली पहुंचे जिम्मेदार, रायपुर में जगह-जगह कचरे के ढेर: कांग्रेस पार्षद दल ने किया सांकेतिक प्रदर्शन**नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में अधिकारियों का पुष्पहार से किया स्वागत,

17 नवंबर 2026/रायपुर।** नगर निगम को स्वच्छता रैंकिंग में मिली उपलब्धि के बीच शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर राजनीतिक विवाद सामने आया है। कांग्रेस पार्षद दल ने नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सांकेतिक प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्षदों ने स्वच्छता का दावा करने वाले अधिकारियों का पुष्पहार और पुष्पगुच्छ देकर प्रतीकात्मक स्वागत किया और शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेरों को लेकर जवाब मांगा।प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार मिलना शहर के लिए गौरव की बात है, लेकिन शहर की वास्तविक स्थिति पुरस्कारों के दावों से अलग दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नगरीय प्रशासन मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और महापौर दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार लेने पहुंचे थे, तब क्या उन्हें शहर की जमीनी स्थिति की जानकारी नहीं थी?आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था प्रभावित है। कई इलाकों में घरों से नियमित कचरा नहीं उठ रहा है। मोहल्लों और चौक-चौराहों पर कचरे के ढेर लगे हैं। नुक्कड़ों से कचरा उठाने में भी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि पुरस्कारों की उपलब्धियां गिना रहे हैं, जबकि आम नागरिक सफाई संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।उन्होंने महाराजबंध तालाब के आसपास की गंदगी का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री का भी आना-जाना रहता है, इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या यही राजधानी की स्वच्छता की वास्तविक तस्वीर है?### अधिकारियों से पूछे तीन सवालनेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर तीन प्रमुख सवाल उठाए।1. क्या रामकी कंपनी घर-घर से नियमित रूप से कचरा एकत्र कर रही है?2. क्या सड़कों की सफाई के लिए लगाई गई स्वीपिंग मशीनें नियमित और प्रभावी ढंग से काम कर रही हैं? यदि ऐसा है तो सड़कों पर धूल क्यों दिखाई देती है?3. स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के जिम्मेदार अधिकारी सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और कमियों पर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं?आकाश तिवारी ने कहा कि पूर्व में रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग देश में चौथे स्थान पर रही थी, जबकि इस बार प्रदेश में पहले स्थान की उपलब्धि बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि रैंकिंग और जमीनी सफाई व्यवस्था के बीच अंतर को समझने की जरूरत है। शहर के सभी 70 वार्डों में जाकर वास्तविक स्थिति देखी जा सकती है।उन्होंने नगर निगम प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने और स्वीपिंग मशीनों के संचालन की निगरानी करने की मांग की।प्रदर्शन में पार्षद संदीप साहू, पार्षद अर्जुमन ढेबर, जयश्री सत्यनारायण नायक, दीप मनीराम साहू, रेनू जयंत साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।