इंदौर के एरोड्रम इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली टाटा नमक की पैकिंग करने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यहां छापेमारी के दौरान 840 पैकेट नकली नमक, 1850 किलो कच्चा नमक और भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री व मशीनरी बरामद की गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड के टेक्निकल एक्सपर्ट ने पुलिस को शिकायत दी कि शहर में कंपनी के नाम पर नकली नमक बेचा जा रहा है, जिससे कंपनी और सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
पुलिस ने लोकनायक नगर में दबिश देकर आरोपी जितेंद्र गुप्ता को मौके से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से ब्रांडेड पैकेजिंग मंगवाकर सस्ते नमक को टाटा नमक के नाम से पैक कर आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 980 खाली पैकेट, 32 कट्टे, वेइंग मशीन, पैकिंग मशीन, सिलाई मशीन और डिजिटल तराजू भी जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की पूछताछ जारी है।
















Leave a Reply