निर्माणाधीन बिलासपुर-उरगा राष्ट्रीय राजमार्ग खंड पर आम वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधितभारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सभी प्रवेश एवं निकास मार्ग किए बंद, उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई।

: 30 JUN 2026

भारतमाला परियोजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे रायपुर-धनबाद आर्थिक गलियारे (राष्ट्रीय राजमार्ग-130ए) के निर्माणाधीन बिलासपुर-उरगा खंड पर आम नागरिकों तथा सभी प्रकार के निजी एवं सार्वजनिक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह खंड अभी निर्माणाधीन है और तकनीकी रूप से सामान्य यातायात के लिए संचालित नहीं किया गया है। वर्तमान में इस मार्ग का उपयोग केवल परियोजना निर्माण कार्य में संलग्न वाहनों, मशीनरी तथा अधिकृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजना कार्यान्वयन इकाई, कोरबा के परियोजना निदेशक श्री अंकित आनंद ने बताया कि निर्माणाधीन बिलासपुर-उरगा खंड पर अनधिकृत आवागमन रोकने के उद्देश्य से सभी प्रवेश एवं निकास बिंदुओं को बंद कर दिया गया है। साथ ही, पूरे मार्ग पर निगरानी के लिए बंद परिपथ दूरदर्शन (सीसीटीवी) सर्विलांस प्रणाली स्थापित की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध के बावजूद निर्माणाधीन मार्ग पर प्रवेश करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन राजमार्ग पर अनधिकृत आवागमन सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत जोखिमपूर्ण है और इससे परियोजना के निर्माण कार्य की गति भी प्रभावित हो सकती है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सभी नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्माणाधीन मार्ग पर प्रवेश न करें तथा आवागमन के लिए केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्राधिकरण ने कहा है कि सुरक्षित, सुगम एवं विश्वस्तरीय राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना के निर्माण में आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *