रायपुर, 18 जुलाई 2026।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत बालोद और सरोना रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए गए।
सरोना रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से सरोना रेलवे स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन पर आधुनिक भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, नया प्रवेश द्वार, आधुनिक फुट ओवर ब्रिज, सात नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, प्लेटफॉर्म का उन्नयन, दो लिफ्ट, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, पार्किंग, एलईडी प्रकाश व्यवस्था तथा छत्तीसगढ़ की लोककला को दर्शाने वाले आकर्षक भित्ति चित्र विकसित किए गए हैं।
भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, ऊर्जा दक्षता, हरित विकास, वर्षा जल संचयन, बेहतर यातायात व्यवस्था और स्थानीय संस्कृति के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 50 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें छत्तीसगढ़ के 32 स्टेशन शामिल हैं।
वर्ष 1891 में स्थापित सरोना रेलवे स्टेशन आज रायपुर राजधानी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। रेलवे का उद्देश्य इन स्टेशनों को केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित न रखकर स्थानीय संस्कृति, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
इस पुनर्विकास से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक रेल यात्रा का अनुभव मिलेगा, वहीं क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

















Leave a Reply