रायपुर। राजधानी रायपुर में खम्हारडीह थाने के बाहर कांग्रेस ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। पार्टी के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता थाने के सामने टेंट-तंबू लगाकर धरने पर बैठ गए हैं। धरनास्थल थाने के बाहर पर भोजन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं भी कर ली गई हैं और कार्यकर्ता लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के घेराव के दौरान हुई हिंसक झड़प और पथराव के मामले में पुलिस ने केवल कांग्रेस नेताओं पर गैर-जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर एकतरफा कार्रवाई की है। पार्टी की मांग है कि घटना में शामिल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी काउंटर एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि घटना में दोनों पक्ष शामिल थे तो कार्रवाई भी दोनों पक्षों पर होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि भाजपा के कांग्रेस प्रदेश कार्यालय घेराव के दौरान हुई झड़प और पथराव में 16 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस मामले में खम्हारडीह थाना प्रभारी की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।फिलहाल खम्हारडीह थाने के बाहर कांग्रेस का धरना जारी है। बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं। पुलिस बल भी तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















Leave a Reply