मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लगी आग, मरीजों को सुरक्षित निकाला गया।

रायपुर, 28 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के कैजुअल्टी (इमरजेंसी) वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 से 12:15 बजे के बीच एसी के कंप्रेसर में ब्लास्ट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी, जिसके बाद पूरे वार्ड में धुआं फैल गया।घटना के दौरान अस्पताल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य विभागों में शिफ्ट कर दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।अस्पताल प्रशासन के अनुसार समय पर की गई कार्रवाई के कारण किसी भी मरीज, परिजन या अस्पताल कर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना में केवल धुएं के कारण कुछ समय के लिए इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित रहीं।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर एसी के कंप्रेसर में खराबी या ब्लास्ट को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।अस्पताल प्रशासन ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *