रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब खारून नदी पर साफ दिखाई देने लगा है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से महादेव घाट क्षेत्र में हालात चिंताजनक बन गए हैं। लगातार हो रही बारिश और आसपास के नालों से पानी की आवक के कारण खारून नदी उफान पर है। यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो महादेव घाट पुल के ऊपर से पानी बहने की आशंका भी जताई जा रही है।महादेव घाट स्थित श्मशान घाट में नदी का पानी घुस जाने से परिसर में घुटनों तक जलभराव हो गया है। इसके चलते अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शवों को अंतिम संस्कार स्थल तक पहुंचाने और अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां व अवशेष एकत्र करने में भी मुश्किलें आ रही हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान खारून नदी का जलस्तर बढ़ता है, लेकिन इस बार लगातार बारिश के कारण पानी तेजी से बढ़ा है। नदी किनारे रहने वाले लोग भी सतर्क हो गए हैं। प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।बारिश के मौसम में महादेव घाट पर खारून नदी का प्राकृतिक सौंदर्य देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे न जाने और सेल्फी या नहाने जैसी गतिविधियों से बचने की अपील की है।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में खारून नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल महादेव घाट क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और लगातार बारिश से हालात पर प्रशासन की कड़ी नजर है।














Leave a Reply