रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-9 अंतर्गत कचना स्थित सत्यम नगर की एक गली लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है। गली में रहने वाले लोगों ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था और जल निकासी प्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।स्थानीय रहवासियों के अनुसार गली में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और बदबू का वातावरण बना रहता है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई के एवज में पैसे की मांग की जाती है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।रहवासियों का कहना है कि गली की जल निकासी आज तक मुख्य नाली से नहीं जोड़ी गई है। इसके चलते बारिश के दौरान पानी भर जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और मच्छरों व बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन और वार्ड पार्षद से मांग की है कि गली में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जल निकासी को मुख्य नाली से तत्काल जोड़ा जाए तथा संबंधित अधिकारी मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान करें।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस समस्या पर कब तक प्रभावी कार्रवाई करते हैं।
कचना,सत्यम नगर की गली बनी परेशानी का सबब, रहवासियों ने उठाई नियमित सफाई और जल निकासी की मांग।















Leave a Reply