राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में भव्य सम्मान
रायपुर, 3 अगस्त 2026
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और प्रदेश के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कठोर परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी है कि मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी थी। आज मुख्यमंत्री निवास में उनका सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव और उत्सव का अवसर है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध करा रही है। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति का प्रमुख आधार है।

















Leave a Reply