5 अगस्त/ रायपुर
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अंतरराज्यीय ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महाराष्ट्र के नागपुर से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कथित तौर पर अमेरिका (USA) में हुई इसी तरह की ठगी की वारदात से प्रेरित होकर भारत के विभिन्न राज्यों में लोगों को निशाना बना रहा था।पुलिस के अनुसार आरोपी विशेष केमिकल के माध्यम से साधारण कागज को असली नोट में बदलने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करते थे। आरोपी पहले लोगों का विश्वास जीतने के लिए कथित “डेमो” दिखाते और फिर भारी रकम ऐंठकर फरार हो जाते थे।ताजा मामले में गिरोह ने छत्तीसगढ़ के एक कारोबारी को अपने जाल में फंसाकर बड़ी ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के नागपुर से गिरोह की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया।प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह देश के कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। जांच एजेंसियां गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कागज को नोट बनाने, दोगुना पैसा करने या किसी भी प्रकार के चमत्कारी निवेश के झांसे में न आएं। ऐसे मामलों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि इस तरह के संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।















Leave a Reply