7 अगस्त 2026
रायपुर। राजधानी रायपुर के मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-9 स्थित कचना हाउसिंग बोर्ड पत्रकार कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘हर घर जल अमृत मिशन’ का शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय पार्षद एवं ज़ोन क्रमांक-9 के अध्यक्ष गोपेश साहू ने कॉलोनीवासियों की उपस्थिति में योजना का शुभारंभ किया।
बताया गया कि हाउसिंग बोर्ड की यह पुरानी कॉलोनी अब नगर निगम को हस्तांतरित हो चुकी है। वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी पानी की पाइपलाइन के कारण कॉलोनी के अधिकांश घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे रहवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
करीब 30 लाख रुपये की लागत से शुरू की गई इस योजना के तहत पूरी कॉलोनी में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। नई व्यवस्था के माध्यम से पानी सीधे प्रत्येक घर की टंकी तक पहुंचेगा, जिससे सभी परिवारों को नलों के जरिए नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। इसके साथ ही पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन व्यवस्था को पूरी तरह हटाया जाएगा।
पार्षद गोपेश साहू ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद अवैध रूप से लगाए गए पानी के कनेक्शन और पुरानी पाइपलाइन में छेद कर पानी लेने जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी जल पाइपलाइन के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए आवश्यकता पड़ने पर जेल भेजा जाएगा।
कॉलोनीवासियों ने योजना के शुभारंभ का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नई पाइपलाइन के निर्माण के बाद वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा और प्रत्येक घर तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।














Leave a Reply