रायपुर, 12 अगस्त 2026
बलरामपुर और रामानुजगंज शहरों को जल्द ही 4-लेन बायपास की सौगात मिल सकती है। छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास मंत्री एवं रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-343 पर दोनों शहरों के लिए बायपास निर्माण की मांग रखी। केंद्रीय मंत्री ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।मंत्री नेताम ने बताया कि अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा राष्ट्रीय राजमार्ग-343 छत्तीसगढ़ को झारखंड से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय मार्ग है। इस मार्ग से यात्री बसों, छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहनों और भारी मालवाहकों का लगातार आवागमन होता है। ऐसे में बलरामपुर और रामानुजगंज शहरों के भीतर बढ़ते यातायात दबाव के कारण जाम और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।बलरामपुर में 10 किमी और रामानुजगंज में 8 किमी बायपास का प्रस्तावमंत्री नेताम ने बलरामपुर शहर के लिए करीब 10 किलोमीटर लंबे 4-लेन बायपास की मांग रखी। बायपास बनने से भारी वाहनों को शहर के बाहर से वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा।इसी तरह रामानुजगंज के लिए करीब 8 किलोमीटर लंबे 4-लेन बायपास का प्रस्ताव रखा गया है। रामानुजगंज अंतर्राज्यीय आवागमन का प्रमुख केंद्र होने के कारण यहां स्थानीय वाहनों के साथ भारी व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।व्यापार और परिवहन को भी मिलेगा फायदामंत्री नेताम ने कहा कि बायपास का निर्माण केवल यातायात व्यवस्था सुधारने तक सीमित नहीं रहेगा। इससे छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच अंतर्राज्यीय व्यापार एवं परिवहन को गति मिलेगी। भारी वाहनों के शहर से बाहर निकलने से परिवहन समय में कमी आएगी और दोनों शहरों में व्यवस्थित नगरीय विकास, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार तथा राजस्व वृद्धि की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।उन्होंने केंद्रीय मंत्री को यह भी बताया कि एनएच-343 के कॉरिडोर योजना के तहत निर्माण कार्य के लिए क्रमशः 397.44 करोड़ रुपये और 199.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है और संबंधित कार्य प्रगतिरत हैं। इसी क्रम में बलरामपुर और रामानुजगंज के शहरी हिस्सों के लिए बायपास निर्माण को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दोनों बायपास प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति जताते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि बायपास बनने से बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक एवं नगरीय विकास को नई गति मिलेगी।













Leave a Reply