गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर जब्तरेत और ईंट-मिट्टी के अवैध परिवहन पर शिकंजा, खान एवं खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई।


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 21 अगस्त 2026। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने सघन जांच अभियान चलाते हुए चार ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तीन ट्रैक्टर रेत और एक ट्रैक्टर मिट्टी (ईंट) का अवैध परिवहन करते पकड़े गए।
खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान सिलपहरी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं ज्योतिपुर तिराहा में मिट्टी (ईंट) का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।
थाने और नगर सैनिक परिसर में रखे गए वाहन
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए चारों ट्रैक्टरों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। इनमें तीन वाहनों को थाना अमरपुर तथा एक वाहन को नगर सैनिक परिसर में रखा गया है। संबंधित प्रकरणों में विभाग द्वारा दस्तावेजों और तथ्यों की जांच की जा रही है।
वाहन मालिकों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज परिवहन के मामलों में संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि खनिज संपदा राज्य की महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्ति है। इसके संरक्षण के साथ ही खनिजों के वैध और पर्यावरणीय रूप से संतुलित उपयोग को सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है। नागरिकों और खनिज परिवहन से जुड़े लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही खनिजों का परिवहन करें।
इस कार्रवाई में खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू एवं सैनिक साहिब गनी शामिल रहे। खनिज विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही शासन को होने वाले राजस्व के नुकसान को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *