रक्षाबंधन से पहले बहनों को ‘विष्णु भैया’ का स्नेह उपहार, 67 लाख से अधिक खातों में पहुंची महतारी वंदन की 31वीं किस्त।

डौंडीलोहारा। रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की माताओं-बहनों को बड़ा उपहार देते हुए महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि अंतरित की। बालोद जिले के डौंडीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राही महिलाओं के खातों में ₹631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 की राशि अंतरित की।मुख्यमंत्री श्री साय ने बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि “हमारी माताओं-बहनों के चेहरे पर मुस्कान, उनका आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” उन्होंने कहा कि बहनों की आत्मनिर्भरता और उनके चेहरे की खुशी ही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।बहनों के लिए ‘विष्णु भैया’ का रक्षाबंधन उपहारमुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए सितंबर माह की किस्त भी 25 अगस्त को ही जारी करने का निर्णय लिया गया, ताकि बहनें त्योहार की खुशियां अपने परिवार के साथ मना सकें।उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता देने की योजना नहीं है, बल्कि इसने महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया है। महिलाएं इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की शिक्षा, बचत और छोटे व्यवसाय जैसी जरूरतों में कर रही हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की माताओं-बहनों के खातों में करीब ₹20 हजार करोड़ की राशि अंतरित की जा चुकी है।महिलाओं ने साझा की आत्मनिर्भरता की कहानीसमारोह में मुख्यमंत्री श्री साय ने महतारी वंदन योजना की पांच हितग्राही महिलाओं से संवाद किया। महिलाओं ने योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने, बचत करने और आर्थिक फैसलों में आत्मनिर्भर बनने के अनुभव साझा किए।मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई बहन योजना की राशि बचाकर परिवार का भविष्य सुरक्षित करती है, बच्चों की पढ़ाई में लगाती है या स्वरोजगार शुरू करती है, तभी योजना का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ की हर माता-बहन आत्मनिर्भर बने और उसके सपनों को उड़ान मिले।लखपति दीदी से ड्रोन दीदी तक बढ़ी भागीदारीमुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों और उद्यमों से अपनी पहचान बना रही हैं। वहीं ड्रोन दीदी पहल के माध्यम से महिलाएं आधुनिक तकनीक से जुड़कर किसानों के खेतों में खाद और कृषि आदानों का छिड़काव कर आय अर्जित कर रही हैं।बालोद जिले को करीब ₹102 करोड़ के विकास कार्यों की सौगातमहतारी वंदन सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बालोद जिले को करीब ₹102 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने नगर पंचायत डौंडीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की।इसके अलावा खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन, पूरक नहर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण तथा धनगांव जलाशय में नहर रिमॉडलिंग और लाइनिंग सहित कई कार्यों की घोषणा की गई।डौंडीलोहारा में मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर ₹5 करोड़ की लागत से पुलिया तथा डौंडीलोहारा विकासखंड में करीब ₹19 करोड़ की लागत से संबलपुर-भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग निर्माण की भी घोषणा की गई।समारोह में उमरादाह-निपानी मार्ग, अर्जुंदा-ओड़ारसकरी मार्ग और बालोद-पिकरीपार मार्ग सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया।‘मोदी की गारंटी’ से विकास को नई गतिमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी, तेंदूपत्ता संग्राहकों को ₹5500 प्रति मानक बोरा तथा भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख किया।बस्तर में शांति के साथ खुल रहे विकास के नए रास्तेमुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद के कारण लंबे समय तक बस्तर विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा, लेकिन अब सुरक्षा और विकास के संयुक्त प्रयासों से बस्तर में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं।उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के साथ पर्यटन, उद्योग और रोजगार की नई संभावनाएं भी विकसित हो रही हैं। आने वाले समय में बस्तर छत्तीसगढ़ के विकास की नई पहचान बनेगा।विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्पमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का आर्थिक सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए अवसर, जनजातीय क्षेत्रों का विकास और गरीब परिवारों के जीवन में खुशहाली—इन्हीं आधारों पर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जाएगा।समारोह में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे।