जांजगीर-चांपा, 2 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिवनी एवं हाई स्कूल कुलीपोटा में बाल विवाह रोकथाम एवं बाल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधान और इसके सामाजिक प्रभावों की जानकारी दी गई। जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजेन्द्र जायसवाल ने बताया कि बाल विवाह का बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।उन्होंने बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत बालिका की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष और बालक की न्यूनतम विवाह आयु 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से पहले विवाह कराना या उसमें सहयोग करना कानूनन दंडनीय अपराध है।मुसीबत में 1098 पर करें कॉलचाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि कहीं बाल विवाह की सूचना मिलने या किसी नाबालिग का विवाह कराए जाने की स्थिति में तत्काल 1098, पुलिस अथवा महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचना दी जा सकती है। समय पर सूचना मिलने से बाल विवाह को रोका जा सकता है और बच्चों के सुरक्षित भविष्य की रक्षा की जा सकती है।विद्यार्थियों ने खुद कॉल कर समझी प्रक्रियाकार्यक्रम की खास बात यह रही कि चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं 1098 पर कॉल कर टेस्टिंग के माध्यम से हेल्पलाइन की प्रक्रिया को समझा और आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी ली।विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा बाल अधिकारों और संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।













