बालिका छात्रावासों में विधिक जागरूकता शिविर, छात्राओं को पॉक्सो और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी।

सूरजपुर, 28 सितंबर 2026। बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सूरजपुर के दो पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावासों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शासकीय आदर्श आदिवासी पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास और शासकीय अन्य पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास में आयोजित शिविर में छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा और निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।शिविर का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर के अध्यक्ष थॉमस एक्का के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव सुश्री पायल टोपनो के नेतृत्व में किया गया।व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती अंजली पाण्डेय ने छात्राओं को सरल भाषा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका और पॉक्सो अधिनियम के तहत बच्चों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पॉक्सो मामलों की गंभीरता और फास्ट ट्रैक कोर्ट की भूमिका समझाते हुए छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और समय पर सहायता लें।साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील श्रीमती पाण्डेय ने सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सुरक्षित उपयोग पर भी चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और डिजिटल ब्लैकमेलिंग से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड या ओटीपी साझा नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।शिविर में यातायात नियमों, मोटर वाहन संबंधी वैध दस्तावेजों तथा सड़क दुर्घटना के बाद उपलब्ध विधिक सहायता और मुआवजा प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी,छात्राओं को नालसा की शिक्षा एवं पीड़ित सहायता योजनाओं के साथ-साथ निःशुल्क विधिक सहायता के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर वे कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवाद सत्र में छात्राओं और छात्रावास अधीक्षिकाओं ने पॉक्सो, साइबर अपराध, सोशल मीडिया और विधिक सहायता से जुड़े सवाल पूछे। न्यायाधीश श्रीमती अंजली पाण्डेय ने उनके प्रश्नों के उत्तर देकर जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षिका सुश्री पूजा गुप्ता, श्रीमती अनातासिया एक्का तथा पैरा लीगल वालंटियर सत्य नारायण और उमेश कुमार रजवाड़े उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *