भोरमदेव शक्कर कारखाना : किसानों को 30 रुपए किलो में मिलेगी 50 किलो शक्कर, लगातार दो साल देश में सर्वाधिक रिकवरी।

14 सितम्बर 2026 /कवर्धा। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी का गौरव हासिल किया है। इसी उपलब्धि के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को कारखाना परिसर में 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण की शुरुआत की। किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जाएगी। यह लगातार तीसरा वर्ष है, जब शेयरधारी किसानों को रियायती दर पर शक्कर दी जा रही है।कार्यक्रम से कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना को वर्ष 2024-25 और 2025-26 में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली से मिले एफिशिएंसी अवार्ड पर किसानों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।किसानों की सुविधा के लिए डोम निर्माण की घोषणाउप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा को देखते हुए शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी मजबूती किसानों की सहभागिता से ही संभव है।उन्होंने बताया कि इस वर्ष 4,686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। इसके बाद शेयरधारी किसानों की संख्या लगभग 28 हजार हो गई है। इन सभी किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर दी जा रही है।2.55 लाख टन से बढ़ाकर 4 लाख टन गन्ना पेराई का लक्ष्यउप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि कारखाना लगातार सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और सहयोग से ही कारखाना आगे बढ़ेगा और इसका लाभ भी किसानों तक पहुंचेगा।किसानों की मेहनत से मिली राष्ट्रीय पहचानविजय शर्मा ने कहा कि लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक रिकवरी हासिल करना केवल कारखाने की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह किसानों की मेहनत का परिणाम है। गुणवत्तापूर्ण गन्ना उत्पादन, किसानों का परिश्रम, कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना ने भोरमदेव शक्कर कारखाना को नई पहचान दिलाई है।उन्होंने कहा कि सहकारी समिति की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें होने वाला लाभ सदस्यों के बीच साझा होता है। उन्होंने किसानों से कारखाने से जुड़ने, शेयरधारी बनने और गन्ना अनुबंध के माध्यम से सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही किसानों को समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।मंत्री रामविचार नेताम बोले—त्योहार में किसानों के घर पहुंचेगी मिठासकृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि तीजा पर्व और गणेश चतुर्थी के अवसर पर किसानों को रियायती दर पर शक्कर मिलना खुशी की बात है। त्योहारों में शक्कर की जरूरत बढ़ जाती है और ऐसे समय में किसानों को कम कीमत पर शक्कर उपलब्ध होने से उनके घरों की खुशियों में मिठास बढ़ेगी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से किसानों के हित में शक्कर वितरण की व्यवस्था फिर शुरू हुई है। कवर्धा के किसानों की मेहनत ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। बेहतर गन्ना उत्पादन और शक्कर की उच्च रिकवरी किसानों के परिश्रम का परिणाम है।मंत्री नेताम ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलें और गन्ने का उत्पादन बढ़े। किसानों के हित में बोनस बढ़ाने के लिए भी सरकार आवश्यक प्रयास करेगी।कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल सहित जनप्रतिनिधि, किसान और कारखाना कर्मचारी उपस्थित रहे।