बहतराई के अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान, अरुण साव ने बढ़ाया हौसलासंजू देवी को 51 लाख की सम्मान राशि का चेक, मधु सिदार और गीता यादव को 11.12-11.12 लाख का विशेष सहायता पैकेज।

रायपुर/बिलासपुर, 2 अक्टूबर 2026। बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने एशियन गेम्स-2026 में कबड्डी की स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी तथा जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित किया।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए पूर्व में घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक भी इस अवसर पर सौंपा गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11 लाख 12 हजार रुपए प्रत्येक का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।उप मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की सफलता में परिवार के योगदान को देखते हुए उनके परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।21 अक्टूबर से होगी पुरुष हॉकी लीगउप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जो इस तरह की हॉकी लीग आयोजित करेगा। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है और इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी। टीमों के नाम छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान के अनुरूप रखे जाएंगे।“खेल से बनता है आत्मविश्वास और अनुशासन”अरुण साव ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को योग्य, सक्षम और अच्छा नागरिक बनाने का भी सशक्त माध्यम है। खेल से स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, धैर्य और अनुशासन विकसित होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने खेल में निरंतरता बनाए रखने और हर दिन खुद को बेहतर बनाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि बहतराई के खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण लेकर खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प है।खेल अधोसंरचना पर जोरउप मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, खेल अलंकरण, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव तथा बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश में खेलों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है।राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इससे प्रशिक्षकों सहित खेल अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।बहतराई में करीब 16 करोड़ की खेल अधोसंरचना विकसित होगीकार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बहतराई जिला खेल परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वहीं लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से वातानुकूलन सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।उन्होंने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 16 करोड़ रुपए की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है, जिसका जल्द भूमिपूजन किया जाएगा।इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक भवन में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया।कार्यक्रम में राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव प्रदीप यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।