छत्तीसगढ़ में बस सफर महंगा, साधारण बसों का किराया 40% बढ़ा**पहले 5 किमी के लिए 10 रुपए, इसके बाद हर किलोमीटर पर 1.75 रुपए देने होंगे; डीलक्स और एसी बसों की दरें भी बढ़ीं

14 अक्टूबर 2026/*रायपुर। छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करना अब महंगा होगा। राज्य शासन के परिवहन विभाग ने साधारण, डीलक्स, रात्रिकालीन, वातानुकूलित और शयनयान बसों के लिए नई किराया दरें निर्धारित की हैं। 8 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के मुताबिक, नई दरें राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से लागू होंगी। हालांकि, नगर बस सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है।*साधारण बसों में 50 पैसे प्रति किमी की बढ़ोतरी*नई दरों के अनुसार, साधारण बस में पहले 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपए किराया लगेगा। इसके बाद हर किलोमीटर पर 1.75 रुपए देने होंगे। पहले यह दर 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर थी। इस तरह किराये में 50 पैसे प्रति किलोमीटर यानी 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।*डीलक्स और एसी बसों का किराया भी बढ़ा*डीलक्स बसों में पहले 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपए और इसके बाद 2.20 रुपए प्रति किलोमीटर किराया देना होगा। साधारण रात्रिकालीन बसों में सामान्य किराये से 10 प्रतिशत अधिक राशि लगेगी। बिना एसी वाली डीलक्स शयनयान और अर्धशयनयान बसों के लिए भी यही दरें तय की गई हैं।वहीं, एसी डीलक्स शयनयान और अर्धशयनयान बसों में पहले 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपए और इसके बाद 3.20 रुपए प्रति किलोमीटर किराया लगेगा। वोल्वो, स्कैनिया और मर्सिडीज जैसी सुपर लग्जरी एसी बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपए और इसके बाद 3.30 रुपए प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई है।*दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को छूट*अधिसूचना में निर्धारित शर्तों के तहत दृष्टिबाधित व्यक्तियों, बौद्धिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों, दोनों पैरों से चलने में असमर्थ दिव्यांगों, 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और एचआईवी से पीड़ित व्यक्तियों को किराये में 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान है। नियमानुसार इनके साथ यात्रा करने वाले एक सहायक को भी छूट मिलेगी।इसके अलावा, निर्धारित प्रमाण-पत्र रखने वाले नक्सल प्रभावित व्यक्तियों को छत्तीसगढ़ के भीतर यात्रा पर 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। किराया बढ़ने से लंबी दूरी के यात्रियों के साथ नौकरी, पढ़ाई और रोजमर्रा के कामों के लिए बस से सफर करने वालों का खर्च भी बढ़ेगा।