फॉर्च्यून मैदा के संबंधित बैच की बिक्री पर रोक, जांच में असुरक्षित मिला पनीरखाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई, गौरेला में पनीर के नमूने में निर्धारित सीमा से 77 प्रतिशत अधिक वेजिटेबल फैट मिला।

रायपुर/गौरेला, 08 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लेने और उनकी प्रयोगशाला जांच की कार्रवाई तेज कर दी है।
जिले में जांच के दौरान फॉर्च्यून मैदा के बैच क्रमांक FAMD50059A की बिक्री एवं वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंधित बैच के मैदा का विक्रय अथवा वितरण न किया जाए और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पनीर के नमूने में मिली गंभीर अनियमितता
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा गौरेला में पनीर का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में पनीर में वेजिटेबल फैट की मात्रा निर्धारित सीमा से 77 प्रतिशत अधिक पाई गई। खाद्य विश्लेषक की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पनीर को असुरक्षित घोषित किया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कई खाद्य प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए
जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गृहस्थी सुपर बाजार से मैगी एवं साबूदाना, जबकि 786 बिरयानी सेंटर और हरी कन्फेक्शनरी से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए हैं।
सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय के दौरान स्वच्छता एवं गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान अमानक या असुरक्षित खाद्य सामग्री पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और नमूना संकलन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों से खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग, निर्माण तिथि, अवसान तिथि, लेबल और अन्य आवश्यक विवरणों की जांच करने की अपील की है। नागरिकों को संदिग्ध गुणवत्ता वाले, खराब पैकेजिंग वाले अथवा एक्सपायरी डेट पार कर चुके खाद्य पदार्थों की खरीद और सेवन से बचने की सलाह दी गई है।
प्रशासन का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।