रायपुर, 19 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल उपचार तक सीमित नहीं है। बीमारी की समय पर पहचान, प्रभावी उपचार के साथ मरीज का मनोबल बनाए रखना और परिवार व समाज का भावनात्मक सहयोग भी उतना ही जरूरी है। मरीज को यह भरोसा दिलाना आवश्यक है कि इस कठिन लड़ाई में वह अकेला नहीं है।मुख्यमंत्री साय शनिवार को नवा रायपुर स्थित मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर द्वारा आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस वर्ष कॉन्क्लेव की थीम ‘Restoring Balance to Cancer Care’ रखी गई है। इसमें देश-विदेश के 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, उपचार, अनुसंधान और नई तकनीकों पर मंथन कर रहे हैं।समय पर जांच से बढ़ती हैं उपचार की संभावनाएंमुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई में शुरुआती पहचान सबसे महत्वपूर्ण है। समय पर बीमारी का पता चलने से प्रभावी उपचार की संभावनाएं बढ़ती हैं। उन्होंने विशेषज्ञों से ऐसी आधुनिक तकनीक और अनुसंधान विकसित करने का आग्रह किया, जिससे कैंसर की पहचान जल्द हो और उपचार अधिक सस्ता व सुलभ बनाया जा सके।उन्होंने कहा कि कैंसर का प्रभाव केवल मरीज के शरीर पर नहीं पड़ता, बल्कि उसके मानसिक, पारिवारिक और आर्थिक जीवन को भी प्रभावित करता है। ऐसे में चिकित्सकों का संवेदनशील व्यवहार मरीज और उसके परिवार के लिए विश्वास एवं हौसले का आधार बन सकता है।नवा रायपुर में विकसित हो रही 5 हजार बेड की मेडिसिटीसीएम साय ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि आज शासकीय और निजी मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। इसके अलावा पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी काम चल रहा है।उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में 5 हजार बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।इलाज के खर्च की चिंता कम करने पर जोरमुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी के समय उपचार का खर्च परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक स्थिति किसी जरूरतमंद के इलाज में बाधा न बने। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक उपचार सहायता मिल रही है, जबकि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से 25 लाख रुपए तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान में 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंगसीएम साय ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई है। इनमें लगभग 40 हजार लोगों में बीमारी की पहचान के बाद उन्हें उपचार से जोड़ा गया।उन्होंने कहा कि व्यापक स्क्रीनिंग का उद्देश्य बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।कैंसर मरीजों का तैयार होगा व्यवस्थित डेटाबेस : स्वास्थ्य मंत्रीस्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में कैंसर की समय पर पहचान के लिए स्क्रीनिंग का दायरा बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार ने कैंसर को नोटिफाई करने का निर्णय लिया है। इससे कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने और उनके उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के बेहतर संधारण में मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि बालको मेडिकल सेंटर और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से प्रदेश में 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों के जरिए कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर जांच के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है।स्त्री रोग और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष चर्चाकॉन्क्लेव में इस वर्ष विशेष रूप से स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर चर्चा की जा रही है। विशेषज्ञ कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक जांच, आधुनिक उपचार पद्धतियों, अनुसंधान और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने नवीन तकनीकों का किया अवलोकनकार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कैंसर जागरूकता, प्रारंभिक पहचान, स्क्रीनिंग और उपचार से जुड़ी नवीन तकनीकों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का भी शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों से आधुनिक तकनीकों की उपयोगिता और कैंसर की शुरुआती पहचान में उनकी भूमिका की जानकारी ली। उन्होंने इस बात पर भी चर्चा की कि नई तकनीकों को प्रदेश के आम नागरिकों, विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों तक किस तरह पहुंचाया जा सकता है।कार्यक्रम में बालको मेडिकल सेंटर की डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही, पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी, ई-कैंसर की प्रतिनिधि डॉ. सुज़ाना स्टेनवे, वाइस एडमिरल आरती सरीन सहित देश-विदेश से आए चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद रहे।















