15 सितंबर 2026 /बेमेतरा
महिला स्वास्थ्य अधिकारियों से अभद्र व्यवहार के आरोपों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। मामले में बेमेतरा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को निलंबित कर दिया गया है। शासन की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों पर समाज की सेवा के साथ-साथ संवेदनशील और मर्यादित आचरण बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पद पर बैठा व्यक्ति नियमों और मर्यादाओं से ऊपर नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भयमुक्त, सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार इस दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मामले में निलंबन की कार्रवाई के बाद अब जांच के निष्कर्ष पर सभी की नजरें टिकी हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।













