राजनीतिक प्रकरण वापसी समिति की अहम बैठक, 16 मामलों की समीक्षा; 9 प्रकरणों की वापसी की अनुशंसा।

रायपुर, 30 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं गृह तथा जेल मंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े प्रकरणों की वापसी को लेकर प्रकरण वापसी समिति की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े तथा कृषि मंत्री राम विचार नेताम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित 16 प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा की गई। इनमें 8 लंबित प्रकरण भी शामिल थे। समिति की समीक्षा के बाद 9 प्रकरणों में वापसी की अनुशंसा की गई, जबकि 2 प्रकरणों को पुनर्विचार के लिए संबंधित जिलों को भेजने का निर्णय लिया गया।वहीं, शेष प्रकरणों को राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित नहीं पाए जाने पर समिति द्वारा विचार के बाद अस्वीकृत कर दिया गया।बैठक में समिति ने पूर्व में अनुशंसित लेकिन लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली। अधिकारियों से इन मामलों में नियमानुसार की जाने वाली आगामी कार्रवाई के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को नियमानुसार त्वरित गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राजनीतिक प्रकरणों की वापसी से जुड़े मामलों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।बैठक में प्रमुख सचिव गृह सुश्री निहारिका बारीक, प्रमुख सचिव विधि मनीष ठाकुर, गृह सचिव श्रीमती नेहा चंपावत, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *