30 अक्टूबर 2026/रायपुर। राजधानी में साधु-बाबा बनकर पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। थाना गंज पुलिस ने ग्वालियर निवासी एक आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है।
क्या है मामला –
प्रार्थी जसवंत परमार निवासी जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स फाफाडीह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उसके घर आए और उसकी पत्नी की बीमारी और घरेलू समस्याओं के बारे में सटीक बातें बताकर विश्वास में ले लिया। पूजा-पाठ के नाम पर पहले सोने की अंगूठी और नकद ले गए। फिर 10-12 दिन बाद पूजा कर जेवरात वापस करने का झांसा देकर सोने की चेन समेत कई आभूषण लेते रहे। परिवार को अनिष्ट का डर दिखाकर चुप रहने को कहा। 07.09.2026 से और जेवरात मांगने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ। आरोपियों ने करीब 15 लाख के जेवरात और नकदी ठग ली।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया।
डीसीपी मध्य-क्षेत्र तारकेश्वर पटेल, एडिशनल DCP विवेक शुक्ला और ACP कोतवाली दीपक मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी दीपक पासवान की टीम ने मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण से ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू (22) पिता भरत सिंह, निवासी नूरगंज सेवा नगर, थाना किला गेट, ग्वालियर* को पकड़ा।
आरोपियों के पास से 17 ग्राम सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन, कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये* जब्त किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
साधु-बाबा बनकर पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी, 2 गिरफ्तार












