शिक्षक दिवस पर नगर निगम के 59 शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित, महापौर मीनल चौबे ने किया सम्मान,सेवानिवृत्त शिक्षिका मधु शर्मा की सेवाओं को भी किया गया सम्मानित।

रायपुर, 6 सितंबर 2026

5 सितंबर महान शिक्षक एवं भारत गणराज्य के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रायपुर नगर पालिक निगम की छह स्कूलों के 59 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।नगर निगम मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सदन के चतुर्थ तल पर सामान्य सभा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने सभापति सूर्यकान्त राठौड़, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग अध्यक्ष नंदकिशोर साहू, जोन अध्यक्ष, पार्षदों एवं निगम अधिकारियों की मौजूदगी में शिक्षकों को श्रीफल एवं स्मृतिचिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर मीनल चौबे ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।सेवानिवृत्त शिक्षिका मधु शर्मा का सम्मान,इस अवसर पर महापौर ने नगर निगम की सेवानिवृत्त शिक्षिका श्रीमती मधु शर्मा की सेवाओं को भी सम्मानित किया। उन्हें श्रीफल एवं स्मृतिचिह्न प्रदान कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।पार्षदों ने गुरु के चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद,शिक्षक दिवस कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की भावुक झलक भी देखने को मिली। पार्षद श्रीमती अंजलि गोलछा ने अपनी शिक्षिका श्रीमती रचना तिवारी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि आज वे जीवन में जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनकी शिक्षिका द्वारा दिए गए संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।इसी तरह पार्षद महेश ध्रुव ने अपने स्कूल के दिनों के शिक्षक श्री यशवंत वर्मा के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। पार्षद कैलाश बेहरा ने भी अपने स्कूल के शिक्षक के चरण स्पर्श कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।‘शिक्षक नौनिहालों का भविष्य गढ़ते हैं’महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षकों का सदैव सम्मान किया जाता है। शिक्षक नौनिहालों का भविष्य गढ़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।उन्होंने कहा कि नगर निगम के स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की क्षमताओं पर उन्हें पूरा विश्वास है। शिक्षकों की समस्याओं को सुनकर उनके नियमानुसार समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।महापौर ने नगर निगम स्कूल शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष मृत्युंजय शुक्ला से शिक्षकों की समस्याओं की जानकारी लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा करने को कहा। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्तर की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर कराने का प्रयास किया जाएगा, जबकि राज्य शासन से संबंधित मामलों को एमआईसी की बैठक में रखकर नियमानुसार शासन को भेजने की कार्रवाई की जाएगी।शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का भरोसा, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग अध्यक्ष नंदकिशोर साहू ने नगर निगम स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को महापौर और एमआईसी सदस्यों के समक्ष रखकर उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम में शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष मृत्युंजय शुक्ला ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से महापौर को अवगत कराया और उनके समाधान का अनुरोध किया।कार्यक्रम में निगम स्कूल की व्यायाम शिक्षिका यामिनी शुक्ला, खमतराई स्कूल के प्राचार्य एवं नगर निगम स्कूल शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष मृत्युंजय शुक्ला, नवीन सरस्वती कन्या शाला की प्राचार्या रचना तिवारी, डब्ल्यूआरएस स्कूल के प्राचार्य प्रदीप भोई सहित नगर निगम की छह स्कूलों के 59 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया।कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष मृत्युंजय शुक्ला ने किया, जबकि अंत में उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा ने आभार व्यक्त किया।