एबिक्स कंपनी के जरिए काली कमाई को सफेद करने का आरोप, हर 15 दिन में 50-50 लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी देने की बात आई सामने
19 नवंबर 2026/रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दौरान बड़ा अपडेट सामने आया है। ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर चल रहे सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में एबिक्स कंपनी और कथित तौर पर काली कमाई को सफेद करने के नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां सामने आई हैं।
बताया जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ में विकास गर्ग से एबिक्स कंपनी को खरीदने और उसके जरिए पैसों के लेन-देन से संबंधित जानकारी दी है। आरोप है कि विकास गर्ग कई कंपनियों के माध्यम से निवेश दिखाकर काली कमाई को सफेद करने का काम करता था। इस संबंध में ईडी विभिन्न कंपनियों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।
पूछताछ के दौरान प्रोटेक्शन मनी को लेकर भी कई खुलासे होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, हर महीने लगभग 15 दिन के अंतराल पर 50-50 लाख रुपये दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन खुलासों और लेन-देन की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर है।
अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ गैर जमानती वारंट
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ भी ईडी ने कार्रवाई तेज कर दी है। अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। ईडी ने दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने के लिए भी अदालत में आवेदन पेश किया है।
इसी मामले में धीरज आहुजा ने रायपुर की पीएमएलए अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। बताया जा रहा है कि धीरज आहुजा ने सौरभ चंद्राकर की करीब 200 करोड़ रुपये की शादी में मेहमानों की बुकिंग की व्यवस्था की थी। धीरज आहुजा, विशाल आहुजा का सगा भाई बताया जा रहा है।
वहीं, शुभम सोनी के खिलाफ भी पहले ही गैर जमानती वारंट जारी किया जा चुका है। महादेव सट्टा ऐप मामले में ईडी की लगातार कार्रवाई और नए खुलासों से जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है।










