19 नवंबर 2026/*रायपुर।** छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी को लेकर शिकायत करने के लिए न्यायालय का संवैधानिक रास्ता उपलब्ध है, लेकिन राहुल गांधी न्यायालय जाने के बजाय चुनाव परिणामों पर बेबुनियाद सवाल उठा रहे हैं।अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी को न तो संविधान पर भरोसा है और न ही देश की न्याय व्यवस्था पर। चुनाव पर आरोप लगाने से पहले उन्हें कांग्रेस का इतिहास देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक समय न्यायालय ने कांग्रेस की प्रधानमंत्री के चुनाव को अनैतिक आचरण के आधार पर अमान्य घोषित किया था। इसके बावजूद आज कांग्रेस दूसरों पर सवाल खड़े कर रही है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सीटों की संख्या वर्ष 2019 के मुकाबले बढ़ी थी, इसके बाद भी राहुल गांधी लगातार झूठे और भ्रामक आरोप लगाकर देश को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। देश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने वालों को जनता उचित जवाब देगी।**भ्रष्टाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति**छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। जहां भी भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है, वहां जांच और ठोस कार्रवाई की जाती है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह विष्णु देव साय सरकार का सुशासन है और प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
राहुल गांधी देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं : अरुण साव चुनाव पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस अपना इतिहास देखे, भ्रष्टाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति : उप मुख्यमंत्री*











