**20 नवंबर 2026/रायपुर।** छत्तीसगढ़ के जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और वीरता को सम्मान देने की दिशा में सरगुजा जिले के उदयपुर स्थित बैगापारा में महत्वपूर्ण पहल की गई। यहां 1857 के जननायक मोहन बैगा के नाम पर चौक का नामकरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने जननायक मोहन बैगा के ऐतिहासिक योगदान, संघर्ष और जनजातीय समाज के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।बताया गया कि जननायक मोहन बैगा का क्षेत्र के इतिहास में विशेष स्थान रहा है। वे वर्ष 1857 में ब्रिटिश सरकार की हड़प नीति के प्रबल विरोधी थे। उन्हें उदयपुर डीह का संस्थापक तथा उदयपुर और रामगढ़ के प्रथम बैगा भूमका पुजारी के रूप में भी प्रतिष्ठा प्राप्त है। उनका जीवन जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अस्मिता, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के संघर्ष का प्रतीक माना जाता है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, संघर्ष, त्याग और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से भरा हुआ है। जनजातीय महापुरुषों ने अपनी अस्मिता, स्वाभिमान और परंपराओं की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जननायक मोहन बैगा का जीवन और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने कहा कि उनके नाम पर चौक का नामकरण करना उनके ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के साथ ही नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का सार्थक प्रयास है।मंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएं और ऐतिहासिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इनका संरक्षण करना और महापुरुषों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।जननायक मोहन बैगा के नाम पर चौक का नामकरण क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नई प्रतिष्ठा देने वाला कदम है। इससे जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और उनके संघर्षों को सार्वजनिक पहचान मिलेगी।














