** 19 नवंबर 2026/ रायपुर।** छत्तीसगढ़ में मखाना की खेती और उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 26 एवं 27 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड तथा संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यशाला कृषि महाविद्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित होगी।कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के लगभग 250 से 300 किसान और महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश के 27, उत्तरप्रदेश के 22 और ओडिशा के 9 किसान भी हिस्सा लेंगे। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भी कार्यशाला में शामिल होंगे।**राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में शामिल होने से बढ़ीं संभावनाएं**मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मखाना बोर्ड में शामिल किया गया है। इससे प्रदेश में मखाना उत्पादन के विस्तार और किसानों के लिए नए अवसरों की संभावनाएं बढ़ी हैं।वर्तमान में प्रदेश में लगभग 133.862 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना की खेती की जा रही है। इसमें 96.438 हेक्टेयर तालाबों और 37.424 हेक्टेयर कम गहरे पानी वाले खेतों में मखाना उत्पादन हो रहा है। इसके अलावा 15 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना बीज उत्पादन कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। धमतरी, रायपुर के आरंग क्षेत्र, बालोद, महासमुंद, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा प्रदेश के प्रमुख मखाना उत्पादक जिले हैं।**विशेषज्ञ देंगे आधुनिक तकनीकों की जानकारी**दो दिवसीय कार्यशाला में मखाना की उन्नत खेती, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, मशीनीकरण, मूल्य संवर्धन, कीट एवं रोग प्रबंधन और विपणन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ किसानों को जानकारी देंगे।इस दौरान राष्ट्रीय मखाना संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार, प्रसंस्करण के मुख्य वैज्ञानिक धमेन्दर कुमार, बिहार के मखाना विशेषज्ञ डॉ. विद्यानन्द झा, लुधियाना स्थित केंद्रीय फसल-कटाई उपरांत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार विश्वकर्मा सहित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के मखाना नोडल अधिकारी डॉ. घनश्याम दास साहू और मखाना समन्वयक डॉ. गजेन्द्र चन्द्राकर व्याख्यान देंगे।**किसानों को मिलेगा अनुदान और तकनीकी सहयोग**कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों, उद्यमियों और वैज्ञानिकों को एक मंच पर लाकर मखाना उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना है। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की ओर से प्रक्षेत्र विस्तार, बीज उत्पादन, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, ई-बाजार और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रकार के अनुदान एवं सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।इस कार्यशाला से प्रदेश में मखाना उत्पादन को नई दिशा मिलने के साथ किसानों की आय बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण इकाइयों को प्रोत्साहन देने और मखाना आधारित उद्यमों के विकास की संभावनाएं मजबूत होने की उम्मीद है।
रायपुर में 26-27 नवंबर को होगी दो दिवसीय राष्ट्रीय मखाना कार्यशाला, 300 किसान होंगे शामिल**









