रायपुर शहर में नाला सफाई की लापरवाही से वार्ड में जलभराव, नेता प्रतिपक्ष ने जोन कमिश्नर पर साधा निशाना

रायपुर। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया है कि जोन क्रमांक-4 के अधिकारियों की अनदेखी और समय रहते नाला सफाई नहीं होने के कारण पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक-34 के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद नूरानी चौक, राजातालाब, अरमान नाला एवं वार्ड के अन्य हिस्सों में पानी भरने की स्थिति निर्मित हो रही है।आकाश तिवारी ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व जोन क्रमांक-4 में आयोजित जलभराव एवं नाला सफाई समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने जोन कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी को संभावित समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने स्पष्ट रूप से सुझाव दिया था कि गोविंद नगर और रविनगर से ऑक्सीजन क्षेत्र होते हुए नूरानी चौक तक जाने वाले नाले की मैनुअल सफाई कराई जाए।नेता प्रतिपक्ष के अनुसार विगत चार वर्षों से उक्त नाले की नियमित मैनुअल सफाई कराई जाती रही है, जिसके कारण जलभराव की गंभीर समस्या नहीं होती थी। लेकिन इस वर्ष मैनुअल सफाई नहीं कराए जाने के कारण नाले में गाद और कचरा जमा है, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है और वार्ड में जलभराव की स्थिति लगातार बन रही है।उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा को भी वार्ड की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गई। आकाश तिवारी ने इसे नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया।नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही नालों की मैनुअल सफाई एवं जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आगामी बारिश में वार्डवासियों को गंभीर जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *