कारगिल से कन्याकुमारी तक 4,200 किमी दौड़कर इंदौर के कार्तिक जोशी ने रचा इतिहास
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी 24 वर्षीय अल्ट्रा रनर कार्तिक जोशी ने कारगिल से कन्याकुमारी तक लगभग 4,200 किलोमीटर की ऐतिहासिक दौड़ पूरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनका यह अभियान “प्रोजेक्ट K2K (Kargil to Kanyakumari)” देश की एकता, फिटनेस और वीर जवानों के सम्मान को समर्पित रहा।
करीब दो माह तक चले इस अभियान में कार्तिक ने देश के सात राज्यों से गुजरते हुए 600 से अधिक गांवों और कई प्रमुख शहरों को जोड़ा। बुधवार को कन्याकुमारी पहुंचने पर विभिन्न खेल संगठनों और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
कार्तिक ने बताया कि उन्होंने इस दौड़ के दौरान प्रतिदिन औसतन 75 किलोमीटर की दूरी तय की। सफर में उन्हें कश्मीर की बर्फीली वादियों, पहाड़ी रास्तों, महाराष्ट्र की बारिश, राजस्थान की भीषण गर्मी और दक्षिण भारत के उमस भरे मौसम जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। कहीं माइनस 2 डिग्री तो कहीं 44 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी उन्होंने अपने कदम नहीं रोके।
इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान उन्होंने लगभग 70 लाख कदम दौड़े। यह दौड़ श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, दिल्ली-एनसीआर, जयपुर, कोटा, उज्जैन, इंदौर, मुंबई, ठाणे, पुणे, सतारा और बेंगलुरु सहित अनेक शहरों से होकर गुजरी।
कार्तिक जोशी ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि “मिशन 100” के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर 100 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल सामग्री और प्रशिक्षण सहायता उपलब्ध कराना है। साथ ही युवाओं में फिटनेस, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी उनके अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
कारगिल वॉर मेमोरियल से शुरू होकर कन्याकुमारी तक पहुंची यह दौड़ देश की अखंडता, एकता और भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को समर्पित रही। कार्तिक जोशी की इस उपलब्धि ने न केवल इंदौर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और देश को गौरवान्वित किया है।
कार्तिक को बहुत-बहुत शुभकामनाएं बधाई।
जनभारत संवाद मडिया ओर श्रृंग ऋषि टाइम्स आपके उज्वल भविष्य की सदा कामना करते हैं।





















Leave a Reply