रायपुर, 20 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए।
इसके अलावा प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा ने भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार हासिल किए।
बड़े बचेली देश में पहले और दंतेवाड़ा दूसरे स्थान पर
डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा दूसरे स्थान पर रही। वहीं एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिक निगम बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया।
यह उपलब्धि पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने, उन्हें संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान मिलना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल देकर सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
अरुण साव बोले- नगरीय निकायों के बेहतर प्रयासों का परिणाम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार और बिलासपुर, बड़े बचेली तथा दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी एवं निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा की नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली के नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी समारोह में शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ को मिले इन पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से प्रदेश में शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।













