रायपुर में भाजपा का कांग्रेस प्रदेश कार्यालय घेराव, पुलिस ने वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़ेरायपुर, 22 जुलाई। राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के घेराव के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर हालात पर काबू पाया।भाजपा ने यह प्रदर्शन एक दिन पहले नई दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास की ओर किए गए विरोध प्रदर्शन के विरोध में आयोजित किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने अराजकता फैलाने का प्रयास किया, जिसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई जगह नहीं है।प्रदर्शन के दौरान शंकर नगर टर्निंग पॉइंट पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद सभी कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़े, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। बैरिकेड हटाने की कोशिश के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का यह व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। वहीं, पुलिस की सतर्कता से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया और किसी बड़े अप्रिय घटनाक्रम की सूचना नहीं है।






















Leave a Reply