रायपुर घरेलू रसोइए ने साथी संग रची 70 लाख की चोरी की साजिश, नागपुर स्टेशन से दोनों गिरफ्तार।

रायपुर, 27 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में घरेलू रसोइए द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर करीब 70 लाख रुपये की चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर चोरी की पूरी मशरूका बरामद कर ली।पुलिस के अनुसार, अशोका आइकन, मोवा निवासी पंकज अग्रवाल ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 26 जुलाई को वह परिवार सहित निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। घर पर केवल उनका घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव मौजूद था, जिसे 14 जुलाई से काम पर रखा गया था। शाम को लौटने पर घर की अलमारी और लॉकर टूटे मिले तथा नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महेन्द्र यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया। उसके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था।तकनीकी जांच और सीसीटीवी विश्लेषण से पता चला कि दोनों आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन से समता एक्सप्रेस में सवार होकर नागपुर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नागपुर से समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी महेन्द्र यादव ने बताया कि उसने अपने साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव के साथ पहले से योजना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के घर से बाहर जाने का फायदा उठाकर दोनों ने नकदी और जेवर चोरी किए। वारदात के बाद मोटरसाइकिल से घटनास्थल से निकलकर घड़ी चौक में वाहन खड़ा किया और किराये के वाहन से रेलवे स्टेशन पहुंचकर नागपुर फरार हो गए।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.50 लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव, महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित कुल लगभग 70 लाख रुपये की मशरूका तथा घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।इस मामले में थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 212/26 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *