रायपुर, 6 अगस्त। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा संचालित रेल मदद (RailMadad) प्लेटफॉर्म यात्रियों के लिए त्वरित चिकित्सा सहायता का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरा है। यात्रा के दौरान किसी यात्री की तबीयत खराब होने या चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होने पर रेल मदद ऐप, पोर्टल या हेल्पलाइन 139 के माध्यम से सूचना मिलते ही रेलवे की वाणिज्य, चिकित्सा एवं स्टेशन प्रबंधन की टीम तत्काल सक्रिय होकर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराती है।रेलवे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 जुलाई तक रायपुर रेल मंडल ने रेल मदद के माध्यम से प्राप्त 580 चिकित्सा सहायता मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया। इनमें 553 मामले ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों से जुड़े थे, जबकि 27 मामलों में रेलवे स्टेशनों पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 1,129 चिकित्सा सहायता मामलों का समाधान किया गया था।रेल मंडल का कहना है कि रेल मदद केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए संवेदनशील और जीवनरक्षक सहायता प्रणाली के रूप में भी कार्य कर रही है। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से अनेक यात्रियों को गंभीर परिस्थितियों में राहत मिली है। सहायता प्राप्त करने वाले कई यात्रियों और उनके परिजनों ने रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए सकारात्मक फीडबैक भी दर्ज कराया है।प्रमुख उदाहरण20 अप्रैल 2026: ट्रेन संख्या 12145 में यात्रा कर रहे गोपाल साहू को पीलिया, उल्टी और आंखों में जलन की शिकायत पर रायपुर स्टेशन पर तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई।9 अप्रैल 2026: ट्रेन संख्या 12856 में यात्रा कर रही महिला यात्री के लिए रेल मदद के माध्यम से दुर्ग स्टेशन पर तुरंत सेनेटरी पैड उपलब्ध कराया गया।4 अप्रैल 2026: ट्रेन संख्या 12906 में हृदय शल्य चिकित्सा से गुजरे चार माह के शिशु की तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल टीम ने तत्काल उपचार उपलब्ध कराया।30 जून 2026: ट्रेन संख्या 12809 में यात्री विकास को तेज दर्द, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत पर रायपुर स्टेशन में दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।9 जुलाई 2026: ट्रेन संख्या 12130 में पांच वर्षीय बच्ची को तेज बुखार होने पर रायपुर स्टेशन पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।ऐसे लें रेल मदद की सहायतारेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता, खान-पान, पानी, बिजली या अन्य किसी भी प्रकार की समस्या होने पर RailMadad ऐप, RailMadad पोर्टल या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से तुरंत सूचना दें। शिकायत दर्ज करने के लिए PNR नंबर, कोच और बर्थ की जानकारी देना पर्याप्त है। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र सहायता उपलब्ध कराते हैं।रायपुर रेल मंडल का कहना है कि आधुनिक तकनीक, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और मानवीय संवेदनाओं के साथ यात्रियों को सुरक्षित, सहज और भरोसेमंद यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
















Leave a Reply