अव्यवस्था के बीच मौत की राह देख रही गौ माता ,260 की क्षमता वाले फूडहर गौठान में 600 से अधिक गौवंश रखने का आरोप,निगम नेता प्रतिपक्ष ,

रायपुर, 22 अगस्त 2026। रायपुर नगर पालिक निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने जोन क्रमांक 9 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 51 स्थित फूडहर नगर निगम गौठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौठान की कथित बदहाल व्यवस्था को लेकर उन्होंने निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए।आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि करीब 260 से 280 गौवंश की क्षमता वाले गौठान में 600 से अधिक गौ माताओं को रखा गया है। उनके अनुसार, गौठान में पर्याप्त जगह, चारा और पानी की व्यवस्था नहीं है तथा पशुओं के लिए समुचित चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध नहीं दिखाई दी।गौठान संचालन से जुड़े लोगों ने बताया कि उन्हें पिछले 9 माह से भुगतान नहीं मिला है और नगर निगम रायपुर से करीब 44 लाख रुपये की राशि बकाया है। संचालकों के मुताबिक भुगतान नहीं होने के कारण गौठान की व्यवस्थाओं को संचालित करने में गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा, “क्या यही सुशासन की जीवंत तस्वीर है? गौ माता को मरने के लिए छोड़ दिया गया है। हम सनातन और गौ रक्षा की बातें बड़े-बड़े मंचों से करते हैं, लेकिन क्या हम गौ माता के साथ न्याय कर रहे हैं? गाय हमारी माता है। नगर निगम की यह व्यवस्था बेहद पीड़ादायक और शर्मनाक है।”उन्होंने मांग की कि फूडहर गौठान सहित रायपुर शहर के सभी गौठानों की तत्काल जांच कराई जाए। क्षमता से अधिक रखे गए गौवंश को अन्य गौठानों में स्थानांतरित करने के साथ ही चारा, पानी और चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।आकाश तिवारी ने निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 7 दिन के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि गौवंश की देखभाल केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व का विषय भी है। ऐसे में गौठानों की व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए।नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम प्रशासन से जवाब मांगते हुए कहा कि 260 की क्षमता वाले गौठान में 600 से अधिक गौवंश को रखने की स्थिति आखिर क्यों बनी और लंबे समय से लंबित भुगतान का समाधान कब किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *