अहमदाबाद। ब्राह्मण सिखवाल समाज अहमदाबाद द्वारा गुरु पूर्णिमा एवं भगवान श्रृंग ऋषि जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य रूप से मनाया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नंदलाल जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में समाज बंधुओं, मातृशक्ति और युवाओं ने भाग लेकर समाज की एकजुटता का परिचय दिया।कार्यक्रम में इंदौर से घनश्याम जोशी (नेताजी), गुलाबपुरा (शंभूगढ़) से संगीता त्रिपाठी, बांसवाड़ा से सुरेश महाराज उपाध्याय, भीलवाड़ा से डॉ. प्रवीण तिवाड़ी तथा वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. नारायण सुखवाल सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। अतिथियों का ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और पारंपरिक स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक जलपान से हुई, जिसके बाद समाज बंधुओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। दोपहर में भगवान श्रृंग ऋषि की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए भाग लिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय और आइसक्रीम की व्यवस्था भी की गई।शोभायात्रा के समापन पर भगवान श्रृंग ऋषि की सामूहिक महाआरती की गई। इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया। इस अवसर पर अतिथियों ने समाज में शिक्षा, संस्कार और संगठन की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।समारोह का विशेष आकर्षण बांसवाड़ा से आए सुरेश महाराज उपाध्याय का मनमोहक मटकी नृत्य रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद एवं प्रीतिभोज के साथ हुआ। संध्या भोज की व्यवस्था वरिष्ठ समाजसेवी नंदलाल व्यास (जिलोड़ा वाले) के सौजन्य से की गई। समाजजनों ने आयोजन की सफलता पर पूरी कार्यकारिणी, भामाशाहों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज की एकता, संस्कृति और भाईचारे का प्रेरणादायी आयोजन बताया।


















Leave a Reply