बंदियों ने बनाई 500 बीजयुक्त गणेश प्रतिमाएं, आस्था के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेशकेंद्रीय जेल रायपुर में प्राकृतिक मिट्टी से तैयार की गईं पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमाएंरायपुर, 8 सितंबर 2026। गणेशोत्सव के अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर के बंदियों ने आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया है। जेल में बंदियों द्वारा प्राकृतिक मिट्टी से भगवान श्री गणेश की करीब 500 पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमाएं तैयार की गई हैं। 1 से 2 फीट आकार की इन प्रतिमाओं की खासियत यह है कि इनमें तुलसी सहित विभिन्न पौधों के बीज भी शामिल किए गए हैं।गणेशोत्सव के बाद इन प्रतिमाओं के विसर्जन के पश्चात मिट्टी में मौजूद बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप ले सकेंगे। इस तरह प्रतिमाएं विसर्जन के बाद भी हरियाली का संदेश देती रहेंगी।प्राकृतिक मिट्टी और रंगों का इस्तेमालइन गणेश प्रतिमाओं को तैयार करने में प्राकृतिक मिट्टी और प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया गया है। प्रतिमाओं में बीजों को शामिल करने की पहल धार्मिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने वाली अभिनव पहल के रूप में सामने आई है।10 बंदियों ने दिखाई रचनात्मकताकेंद्रीय जेल रायपुर में संचालित कौशल विकास एवं उत्पादन गतिविधियों के तहत करीब 10 बंदियों ने इन प्रतिमाओं का निर्माण किया। बंदियों ने मेहनत, लगन और रचनात्मकता के साथ आकर्षक गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं।जेल प्रशासन के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों से बंदियों को अपनी प्रतिभा और कौशल का सकारात्मक उपयोग करने का अवसर मिलता है। साथ ही उन्हें समाजोपयोगी और पर्यावरण हितैषी कार्यों से जोड़ने में भी मदद मिलती है।“आस्था और प्रकृति संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं”जेल अधीक्षक रायपुर योगेश सिंह क्षत्री ने कहा कि केंद्रीय जेल में बंदियों के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कौशल विकास एवं उत्पादन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बीजयुक्त गणेश प्रतिमाएं इसी प्रयास का हिस्सा हैं।उन्होंने कहा कि यह पहल इस संदेश को मजबूत करती है कि आस्था और प्रकृति संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं। ऐसी रचनात्मक गतिविधियां बंदियों को सकारात्मक दिशा देने के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।













