ब्रेकिंग न्यूज़नकटी गांव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने पहुंचे बुलडोजर; कांग्रेस ने उठाए सवाल।

रायपुर/ 29 जून 2026
रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के नकटी गांव में सोमवार को प्रशासन ने कथित अवैध कब्जों को हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई की। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात रहा। जेसीबी की मदद से कई मकानों को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि 95 से अधिक घरों के लोगों को बेघर किया जा रहा है। उनका कहना है कि विधायक कॉलोनी बनाने के लिए वर्षों से रह रहे लोगों को हटाया जा रहा है।
विकास उपाध्याय के अनुसार, प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को 48 घंटे का नोटिस दिया था, लेकिन करीब 75 प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की ही व्यवस्था की गई है। उनका आरोप है कि नया रायपुर सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासों में पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही मकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई, जिससे कई परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया है।
वहीं, प्रशासन का पक्ष है कि संबंधित लोग सरकारी भूमि पर अवैध रूप से रह रहे थे। प्रशासन के मुताबिक, नियमानुसार नोटिस जारी करने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है और पात्र प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है।
फिलहाल मौके पर प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई जारी है, जबकि स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध दर्ज करा रहे हैं। यह मामला अब राजनीतिक रंग भी लेता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *